चीन में पिछले 24 घंटों में 16 हजार से अधिक नए मरीजों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह अब तक की सबसे अधिक संख्या है। कोविड के नए वायरस बीए.1.1 के नए स्वरूप का संक्रमण बढ़ने से लोगों में हताशा है। शंघाई शहर में बीए.2 वायरस के संक्रमण पर काबू पाने के लिए लॉकडाउन लगा हुआ है। इसी बीच, वहां तेरह हजार तीन सौ से अधिक नए लोगों में संक्रमण फैलने की खबर है।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा है कि चीन में बिना लक्षण वाले नए मामलों की संख्या 15 हजार तीन सौ 35 हो गई है।
सोमवार को भी 13 हजार दो सौ से ज्यादा नए मामले आए थे। हालांकि चीन ने कोविड से बचने के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह और सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर शंघाई शहर में इस रोग पर काबू पाने और फैलने से रोकने के लिए अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव बढ़ता जा रहा है।
सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने रविवार को शंघाई शहर के सभी निवासियों का अनिवार्य रूप से परीक्षण करने में सहायता के लिए हजारों सैन्य कर्मियों को तैनात करने की घोषणा की थी जिसकी अवधि सोमवार को समाप्त हो गई।