गोवा और उत्‍तराखण्‍ड में भारतीय जनता पार्टी सरकार में पुष्कर सिंह धामी और प्रमोद सावंत मुख्‍यमंत्री बने रहेंगे

गोवा और उत्‍तराखण्‍ड में भारतीय जनता पार्टी सरकार में पुष्कर सिंह धामी और प्रमोद सावंत मुख्‍यमंत्री बने रहेंगे

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड और गोवा के मुख्यमंत्रियों के नामों की घोषणा कर दी है। पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के और प्रमोद सावंत गोवा के मुख्यमंत्री होंगे।

पुष्कर सिंह धामी और प्रमोद सावंत, दोनों ही नेता लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री चुने गए हैं। विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के ग्यारह दिन बाद नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक में पुष्कर सिंह धामी और डॉ. प्रमोद सावंत को विधायक दल का नेता चुना गया। उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी ने कल देहरादून में राज्यपाल गुरमीत सिंह से भेंट की और उन्हें सरकार गठन का पत्र दिया। शपथग्रहण समारोह कल देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने की संभावना है।

भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कल भाजपा विधायी दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी के नाम की घोषणा की।

इससे पहले राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कार्यवाहक विधानसभा अध्यक्ष बंशीधर भगत को राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद बंशीधर भगत ने नव-निर्वाचित विधायकों को विधानसभा में शपथ दिलाई। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड विधानसभा में 47 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की है।

उधर, गोवा में कल शाम पणजी में भाजपा विधायक दल की बैठक में डॉ. प्रमोद सावंत का नाम मुख्यमंत्री के रूप में घोषित किया गया। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने डॉ. सावंत के नाम की घोषणा की।

40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी ने 20 सीटें जीती हैं और उसे तीन निर्दलीय विधायकों और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के दो विधायकों का समर्थन मिला है।

Related posts

Leave a Comment