Categories: News-Headlines

गृह मंत्री अमित शाह ने लचित बोरफुकन की 400वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित किया

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में लचित बोरफुकन की 400वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और केन्द्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने सम्बोधन में अमित शाह ने कहा कि अगर लचित बोरफुकन ना होते तो आज पूरा पूर्वोत्तर भारत का हिस्सा ना होता क्योंकि उस वक्त उनके द्वारा लिए गए निर्णयों और उनके साहस ने ना केवल पूर्वोत्तर बल्कि पूरे दक्षिण एशिया को धर्मांध आक्रांताओं से बचाया। उन्होंने कहा कि लचित बोरफुकन के उस पराक्रम का उपकार पूरे देश, सभ्यता और संस्कृति पर है।

अमित शाह ने कहा कि पूर्वोत्तर की सीमाओं के बाहर भारत माता के महान सपूत बोरफुकन के नाम को पहुंचाने का काम असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा ने किया है। अमित शाह ने कहा कि जिस देश की जनता को अपने इतिहास पर गौरव होने का बोध ना हो, वो अपना सुनहरा भविष्य कभी नहीं बना सकती। उन्होंने कहा कि अगर देश का स्वर्णिम भविष्य बनाना है तो देश के इतिहास पर गौरव होना बहुत ज़रूरी है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हमारे देश के सबसे कठिन समय के दौरान बोरफुकन जी ने देश के कोने में जिस वीरता का परिचय दिया, उससे देश के हर हिस्से में धर्मांध औरंगज़ेब के खिलाफ एक लड़ाई शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि जिस समय दक्षिण में शिवाजी महाराज स्वराज की भावना को ताकत दे रहे थे, उत्तर में दसवें गुरू गुरू गोविंद सिंह जी और पश्चिम में राजस्थान में वीर दुर्गादास राठौड़ लड़ रहे थे, उसी कालखंड में लचित बोरफुकन भी पूर्व में मुग़ल सेना को परास्त करने के लिए लड़ रहे थे।

अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा अकादमी (NDA) में 1999 से बेस्ट कैडेट को लचित बोरफुकन गोल्ड मेडल दिया जाता है ताकि हमारे देश के सभी जांबाज़ जवान इस योद्धा से प्रेरणा ले सकें। अमित शाह ने कहा कि आज देश में सबसे अक्षुण्ण संस्कृति कुदरती सौंदर्य से भरपूर नॉर्थईस्ट में पाई जाती है, वहां की भाषा, संस्कृति, गायन, वादन, वेशभूषा और खानपान अक्षुण्ण रहे हैं। उन्होंने कहा कि अकबर हो या औरंगज़ेब, कुतुबद्दीन ऐबक हो या इल्तुतमिश, बख्तियार खिलजी हो या इवाज़ खिलजी, मोहम्मद बिन तुग़लक हो या मीर जुमला, इनमें से हर एक को यहां पराजय का मुंह देखना पड़ा।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि लचित बोरफुकन के जीवन ने साहस की व्याख्या पूरी दुनिया के सामने की है। उन्होंने कहा कि जिस काम को करने में डर लगता है उसे करने का नाम ही साहस होता है और उसी साहस के दम पर बोरफुकन जी ने इतनी बड़ी मुगल फौज के सामने प्रतिकूल परिस्थितियों में उस सदी की सबसे बड़ी विजय प्राप्त की। अमित शाह ने कहा कि बोरफुकन जी ने बहुत अच्छे तरीके से असम की सभी जनजातीय सेनाओं को इकट्ठा करने का काम किया। उन्होंने कहा कि यहां लगाई गई प्रदर्शनी से देश के पूर्वोत्तर में लड़ी गई देश की स्वतंत्रता की लड़ाई के बारे में पता चलता है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि हमारे इतिहास को ग़लत तरीके से लिखा गया हो लेकिन हमारे इतिहास को गौरवमयी तरीके से लिखने से अब हमें कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि हमें हमारे इतिहास को गौरवमयी तरीके से विश्व के सामने रखना होगा। अमित शाह ने कार्यक्रम में उपस्थित इतिहासकारों और इतिहास के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि आप 30 बड़े साम्राज्यों, जिन्होंने 150 सालों से ज़्यादा देश के किसी भी हिस्से पर शासन किया है, और 300 ऐसी विभूतियां जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना बलिदान दिया, उनके बारे में अनुसंधान कीजिए।

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्तमान सरकार देश के गौरव के लिए किए गए किसी भी पुरुषार्थ की समर्थक है। उन्होंने कहा कि हमें इतिहास को तोड़ मरोड़ कर पेश किए जाने वाले विवाद से बाहर निकलकर इतिहास को गौरवमयी बनाकर पूरे संसार के सामने रखना चाहिए। अमित शाह ने कहा कि भारत के विभिन्न हिस्सों में 150 साल से ज्यादा शासन करने वाले 30 साम्राज्यों और देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाली 300 से अधिक विभूतियों पर रिसर्च करना चाहिए इससे नया और सही इतिहास सामने आएगा और असत्य अपने आप इतिहास से अलग हो जाएगा। उन्होने कहा कि हमारे स्वतंत्रता के इतिहास के नायकों के बलिदान और साहस को देश के कोने- कोने में पहुंचाने से हमारी आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।

अमित शाह ने कहा कि इतिहासकारों के अनुसार सरायघाट की लड़ाई में लचित बोरफुकन ने मुगलों की बड़ी-बड़ी तोपों और जहाजों का सामना अपनी छोटी-छोटी नावों और हथियारों से लैस सेना के बल पर किया। लचित बोरफुकन की सेना राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत प्रोत थी जबकि मुगल सेना में इसका अभाव था यही वजह थी कि संख्या, युद्ध की जानकारी, संसाधनों और हथियारों की दृष्टि से असमानता होते हुए भी लचित बोरफुकन की सेना ने लड़ाई में विजय प्राप्त की और अहोम राज्य की संप्रभुता, संस्कृति और सभ्यता को बचाया। उन्होने कहा कि बंगाल से लेकर कंधार तक कई युद्ध जीतने वाले रामसिंह ने लचित बोरफुकन की सेना से हारने के बाद आश्चर्य जताते हुए कहा था कि उन्होने नाव चलाने, तीर चलाने, खाइयाँ खोदने, बंदूकें और तोपें चलाने में माहिर असमिया सैनिकों की बहुमुखी प्रतिभा वाली ऐसी सैन्य टूकड़ी अपने जीवन में पहले कभी नहीं देखी। अमित शाह ने कहा कि एक सजग और साहसी सेनापति ही ऐसी बहुमुखी प्रतिभा वाली सैन्य बना सकता है। लचित बोरफुकन ने सेनापति बनने के बाद बहुत कम समय में अपनी सेना को सभी प्रकार के युद्धों में माहिर बनाया। ब्रह्मपुत्र के माध्यम से असम में लड़ाई लड़ने के लिए मजबूत नौसेना तैयार करने के लिए लचित बोरफुकन ने सेना के प्रत्येक जवान को नौसेना में पारंगत बनाया।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि लचित बोरफुकन ने मुगलों के हमले के समय किलेबंदी की जिम्मेदारी अपने मामा को सोंपी जिनका समय पर जवाब न आने के कारण देश प्रेम को स्वजन प्रेम से ऊपर रखते हुए लचित बोरफुकन ने अपने मामा का सर कलम कर दिया था। देशभक्ति की ऐसी मिसाल कहीं नहीं मिलती। देशभक्ति के रंग में पूरी तरह रंगा व्यक्ति ही ऐसा कर सकता है। इस घटना ने लचित बोरफुकन की पूरी सैन्य टूकड़ी में देशभक्ति की ज्वाला को प्रज्ज्वलित किया। अमित शाह ने कहा कि लचित बोरफुकन शिद्दत के साथ युद्ध जीतने के लिए संकल्पवान थे। सराईघाट युद्ध से पहले बीमार होते हुए भी लचित बोरफुकन ने युद्ध का फैसला किया। उनके कुछ सैनिकों ने उन्हें निर्बल मान सुरक्षित जगह पर ले जाने का प्रयास किए जाने के बाद भी बोरफुकन जी ने मुगलों के खिलाफ युद्ध किया और विजय प्राप्त कर मुगलों के साथ पहले हुए युद्ध में अहोम साम्राज्य को नीचा दिखाने वाली अपमान जनक पराजय का इतनी वीरता के साथ बदला लिया कि इसके बाद किसी भी मुस्लिम आक्रांता ने तक असम पर हमला करने का साहस नहीं किया।

अमित शाह ने असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा से अनुरोध किया कि लचित बोरफुकन के चरित्र का हिन्दी और देश की 10 अन्य भाषाओं में अनुवाद किया जाना चाहिए जिससे देश का हर बच्चा लचित बोरफुकन के साहस और बलिदान से अवगत हो सके। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इसीलिए आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का निर्णय ताकि हमारे युवाओं, बच्चों और नई पीढ़ी का आजादी के गुमनाम शहीदों और योद्धाओं से परिचय कराया जा सके और वे इससे प्रेरणा लेकर आजादी की कीमत समझें। इस मौके पर अमित शाह ने प्रसिद्ध इतिहासकार सूर्यकुमार भूरिया का स्मरण करते हुए कहा कि भूरिया जी ने लचित बोरफुकन के जीवन से जुड़े इतिहास का संपादन, अनुवाद और प्रकाशन कर उन्हें अमर करने का काम किया है। इसे देश के हर राज्य और हर भाषा में पहुंचाने की जरूरत है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने पूर्वोत्तर भारत में शांति और विकास स्थापित कर पूर्वोत्तर भारत को रेलवे और एयर रूट के माध्यम से मुख्य भारत से जोड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने पूर्वोत्तर को दिल से जोड़ा है। आज पूरा पूर्वोत्तर अपने आप को गर्व से भारत का हिस्सा महसूस कर रहा है और पूरा भारत मान रहा है कि हम एक ही देश और इतिहास का हिस्सा हैं, एक ही भूमि के लोग हैं । उन्होंने कहा कि पिछले 8 साल में हमें बहुत सारी सफलताएं मिली हैं, जैसे अलगाववाद के कारण बने हथियारों से युक्त समूह हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हुए हैं। आज समय है इतिहास, संस्कृति, भाषा और धर्म के माध्यम से पूरे देश को एकजुट कर एक मजबूत भारत बनाने का और आज का यह असम सरकार का प्रयास इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए बहुत बड़ा कदम है जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा। इससे समग्र देश के अंदर पूर्वोत्तर के लिए एक अनुभव जगेगा और पूर्वोत्तर को समग्र देश के लिए अहोभाव जगेगा।

Leave a Comment

Recent Posts

मीनाक्षी नटराजन की बढ़ती सियासी सक्रियता पर चर्चा तेज, कांग्रेस की रणनीति में क्यों मानी जा रही हैं अहम?

सियासी गलियारों में फिर चर्चा में मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की वरिष्ठ नेता Meenakshi Natarajan एक… Read More

4 hours ago

12 करोड़ की ज्वेलरी लेकर फरार हुए पति-पत्नी और साली, 7 किलो सोना-1 किलो चांदी की चोरी का सनसनीखेज खुलासा

करोड़ों की चोरी से मचा हड़कंप एक बड़े चोरी के मामले ने लोगों को हैरान… Read More

5 hours ago

वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में मौका मिलेगा? डेब्यू की मांग के बीच बढ़ी चर्चा

वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर तेज हुई बहस भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव… Read More

1 day ago

Bangladesh vs Australia: मीराज-शांतो के सामने ऑस्ट्रेलिया की कड़ी चुनौती, रोमांचक सीरीज पर टिकी दुनिया की नजर

Bangladesh vs Australia सीरीज को लेकर बढ़ा उत्साह Bangladesh vs Australia मुकाबले को लेकर क्रिकेट… Read More

1 day ago

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना: करोड़ों महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने वाली योजना, जानिए पूरी जानकारी

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना क्या है? प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक… Read More

1 day ago

Cristiano Ronaldo की मौजूदगी में Portugal की जीत, Chile के खिलाफ मुकाबले में दिखा हाई-वोल्टेज ड्रामा

Portugal vs Chile मैच में छाए Cristiano Ronaldo Portugal vs Chile मुकाबले ने फुटबॉल फैंस… Read More

3 days ago

This website uses cookies.