गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे में केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के नये भवन का उद्घाटन किया

गृह मंत्री अमित शाह ने आज महाराष्‍ट्र के पुणे में केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के नये भवन का उद्घाटन किया। उन्‍होंने प्रयोगशाला में स्‍थापित नई सुविधाओं की समीक्षा की। अमित शाह ने सेना और अर्द्ध सैनिक बलों में प्रचलित बड़ा खाना में भी हिस्‍सा लिया। इसका आयोजन महत्‍वपूर्ण दिवसों पर दोपहर अथवा रात के भोजन के लिए किया जाता है।

गृह मंत्री महाराष्‍ट्र की दो दिन की यात्रा पर हैं। इससे पहले उन्‍होंने शहर के मध्‍य में स्थित दगडुशेठ गणेश मंदिर में पूजा – अर्चना की।

गृह मंत्री अमित शाह का वैकुंठ मेहता राष्‍ट्रीय सहकारिता प्रबंधन संस्‍थान के पुणे परिसर में आयोजित किए जा रहे दीक्षांत समारोह में हिस्‍सा लेने का भी कार्यक्रम है। गृह मंत्री अमित शाह पुणे नगरनिगम के नये भवन में स्‍थापित डॉक्‍टर बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। वे तीसरे पहर चार बजे निगम के परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज स्‍मारक की आधारशिला भी रखेंगे। अमित शाह शाम को जाने-माने इतिहासकार स्‍वर्गीय बाबा साहेब पुरंदरे के निवास पर जाएंगे और उनके परिवार के सदस्‍यों से मिलेंगे।

अपनी यात्रा के पहले दिन गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदनगर जिले में सहकार परिषद और किसानों को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने बताया कि सहकारिता क्षेत्र के लिए नई नीति की घोषणा शीघ्र की जाएगी, जो आने वाले कई दशकों तक इस क्षेत्र की जरूरतें पूरी करेगी।

Related posts

Leave a Comment