गृह मंत्रालय ने गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम यूएपीए के अंतर्गत खालिस्तान टाइगर फोर्स से सम्बद्ध अर्शदीप सिंह गिल उर्फ डल्ला को आतंकवादी घोषित कर दिया है। मंत्रालय की अधिसूचना में कहा गया है कि अर्शदीप सिंह गिल आतंकवादियों को वित्तीय सहायता देने और नशीले पदार्थों तथा हथियारों की सीमा पार तस्करी में लिप्त है। अर्शदीप सिंह कत्ल, जबरन वसूली और आतंकवादी गतिविधियों के अलावा टारगेटेड किलिंग में भी शामिल रहा है। मंत्रालय के अनुसार अर्शदीप सिंह का निकट सम्बन्ध हरदीप सिंह निज्जार से है जो गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम यूएपीए के अंतर्गत घोषित आतंकवादी है।
गृह मंत्रालय ने कहा है कि अर्शदीप सिंह गिल कई मामलों में दोषी है और राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए द्वारा जांच चल रही है। वह साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और पंजाब के लोगों में दहशत फैलाने का भी दोषी है।
