गुजरात में राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं के दौरों के साथ विधानसभा चुनावों का प्रचार तेज होने लगा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मेहसाणा, दाहोद, वडोदरा और भावनगर में चार रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अब तक राज्य में आठ रैलियों को संबोधित कर चुके हैं।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने टिकट न मिलने पर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन करने वाले अपने 12 सदस्यों को निलंबित कर दिया है।
गुजरात में करीब चार करोड़ 91 लाख, 35 हजार मतदाता एक हजार 621 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इन मतदाताओं में 10 हजार से अधिक लोग सौ वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं।
गुजरात चुनाव में पहली बार 10 हजार 357 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र सौ साल से ज्यादा हैं। इनमें सबसे अधिक एक हजार पांच सौ अहमदाबाद जिले में हैं। इसके बाद वड़ोदरा, भावनगर, राजकोट और दाहोद जिले हैं। पहले चरण के चुनाव में पांच हजार 115 शतायु मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इस चुनाव में 80 साल से ज्यादा आयु के मतदाताओं की संख्या भी 9 लाख 87 हजार है। चुनाव आयोग ने ऐसे मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट के माध्यम से घर से ही मतदान करने की व्यवस्था की है। इस व्यवस्था से वरिष्ठ नागरिकों के लोकतंत्र के इस उत्सव में बड़ी संख्या में भाग लेने की उम्मीद है।