गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना आज होगी जारी

गुजरात में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना आज जारी होगी। 17 नवम्‍बर तक नामांकन पत्र भरे जा सकते हैं। इस चरण में मध्‍य और उत्‍तरी गुजरात की 93 सीटों के लिए पांच दिसम्‍बर को मतदान होगा। पहले चरण के मतदान के लिए अब तक कुल 12 नामांकन भरे गए हैं। राजनीतिक दल अपने उम्‍मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे रहे हैं और सूची जारी कर रहे हैं।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी आज उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल सहित पार्टी के चार वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है। इस बीच, विपक्षी दल कांग्रेस को कल एक और झटका लगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता भगवान बराड भाजपा में शामिल हो गए। आम आदमी पार्टी ने कल 12 उम्मीदवारों की और भारतीय ट्राइबल पार्टी ने छह उम्मीदवारों की सूची जारी की।

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए उम्‍मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी केन्‍द्रीय चुनाव समिति की बैठक कल शाम नई दिल्‍ली में हुई। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्‍यमंत्री भूपेन्‍द्र पटेल और भाजपा अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बैठक में उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment