गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन पत्रों की जांच का कार्य आज पूरा कर लिया गया। उम्मीदवार बृहस्पतिवार तक नाम वापस ले सकते हैं। पहले चरण में राज्य की कुल 182 सीटों में से 89 सीटों के लिए पहली दिसंबर को वोट डाले जाएंगे।
राज्य की 182 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 19 जिलों की 89 सीटों पर पहली दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। जिन जिलों में चुनाव होना है वे निर्वाचन क्षेत्र कच्छ, सुरेंद्रनगर, मोरबी, राजकोट, जामनगर, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिरसोमनाथ, अमरेली, भावनगर, बोटाद, नर्मदा, भरूच, सूरत, तापी, डांग, नवसारी और वलसाड़ में फैले हैं। इनमें अनुसूचित जाति की सात और अनुसूचित जनजाति की 14 सीटें शामिल हैं। इस बीच राज्य में प्रचार अभियान चरम पर है। चुनाव से पूर्व कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने गठबंधन की घोषणा की है।
दूसरे चरण के लिए 17 नवम्बर तक पर्चे दाखिल किए जा रहे हैं। अब तक 95 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। इस चरण में 14 जिलों की 93 सीटों पर 5 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। इनमें अनुसूचित जाति की छह और अनुसूचित जनजाति की 13 सीटें शामिल हैं। मतगणना हिमाचल प्रदेश के साथ ही 8 दिसंबर को कराई जाएगी।