गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना चल रही है।
गुजरात विधानसभा चुनाव के रूझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी आगे चल रही है जबकि हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच लगभग कांटे का मुकाबला नजर आ रहा है। चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के मुताबिक भाजपा 152 विधानसभा सीटों पर, कांग्रेस 17 सीटों, आम आदमी पार्टी 7 सीटों, निर्दलीय 5 सीटों पर, सपा 1 सीट पर और AIMIM 1 सीट पर आगे चल रही है। गुजरात में मतगणना के तीसरे दौर के बाद घाटलोदिया से मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार भूपेन्द्र पटेल आगे चल रहे हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल विशनगर सीट से आगे हैं। बढ़त बनाने वाले अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा के किरिटसिंह राना, कांग्रेस विधायक भागाभाई धनाभाई तलाला सीट से आगे हैं। आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार ईशुदान गढवी खंभलिया सीट से आगे चल रहे हैं। मोरबी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के कांतिलाल अमृत्य ने बढ़त बनाई है।
हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ा है। जबकि आम आदमी पार्टी ने 67 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार कांग्रेस 37 सीटों पर आगे चल रही है, भाजपा ने एक सीट पर जीत दर्ज़ की और 27 सीटों पर आगे चल रही है। निर्दलीय 3 सीटों पर आगे चल रही है, मतगणना जारी है।