पहले खेलो इंडिया पैरा गेम्स – केआईपीजी का नई दिल्ली में समापन हो गया। हरियाणा ने 40 स्वर्ण, 49 रजत और 26 कांस्य पदक सहित 105 पदक जीतकर पहले संस्करण का खिताब अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश 25 स्वर्ण, 23 रजत और 14 कांस्य पदक सहित 62 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहा। जबकि तमिलनाडु 20 स्वर्ण, 8 रजत और 14 कांस्य पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रहा। इन खेलों में 32 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के एथलीटों ने भागीदारी की।
खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2023 की शुरूआत 10 दिसम्बर को हुई थी। इस आयोजन में देशभर के लगभग 1,450 पैरा एथलीटों ने भागीदारी की।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय खेल और युवा कार्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पैरा गेम्स को मानवीय भावना और उत्साह का समारोह कहा। उन्होंने कहा कि ये खेल भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक अध्याय को चिन्हित करते हैं।
अनुराग सिंह ठाकुर ने इस संस्करण को यादगार बनाने के लिए सभी पैरा एथलीट, कोचों, सहयोगी कर्मचारी और विभिन्न हितधारकों के प्रति आभार प्रकट किया।