पिछले कुछ दिनों से तेज वर्षा झेल रहे केरल के कुछ हिस्सों में आज बारिश से कुछ राहत मिली है। हालांकि पहाड़ी इलाकों समेत कई जगहों पर रुक-रुक कर बारिश जारी है। अलाप्पुझा, पथानामथिट्टा और कोट्टायम के ऊपरी कुट्टनाड क्षेत्र के कई क्षेत्र अभी भी पानी में डूबे हुए हैं। अधिकारियों ने कई परिवारों को राहत शिविरों में भेज दिया है।
तटीय क्षेत्रों को मॉनसून के प्रकोप का सबसे अधिक नुकसान हुआ है। कोच्चि के कन्नमाली में लोगों ने क्षेत्र में समुद्री दीवार के निर्माण की मांग को लेकर आज सुबह आंदोलन शुरू किया।
मौसम विभाग ने केरल के छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को केरल और लक्षद्वीप के तटीय क्षेत्रों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।