एशियाई विकास बैंक-एडीबी और केन्द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा जल आपूर्ति और स्वच्छता सेवाओं में सुधार के लिए नौ करोड साठ लाख डॉलर से अधिक के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।
ऋण समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद आर्थिक मामलों के विभाग में अवर सचिव रजत कुमार मिश्रा ने कहा कि यह परियोजना जल जीवन मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप है, इसका उद्देश्य 2024 तक सभी ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, टिकाऊ और समावेशी ग्रामीण जलापूर्ति तथा स्वच्छता सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए यह परियोजना जल आपूर्ति बुनियादी ढांचे को और उन्नत करेगी।
भारत में एशियाई विकास बैंक के निदेशक ताकेओ कोनिशी ने कहा कि परियोजना में एशियाई विकास बैंक की भागीदारी सर्वोत्तम जल प्रबंधन प्रदान करेगी तथा संस्थागत क्षमता को मजबूत करेगी।
एडीबी परियोजना दस जिलों के लगभग तीन लाख 70 हजार निवासियों को निर्बाध जलापूर्ति प्रदान करने के लिए 75 हजार से अधिक घरों को जोड़ेगी। जलापूर्ति और स्वच्छता सेवाओं में सुधार के लिए, परियोजना का लक्ष्य 48 भूजल कुओं, 109 जल उपचार संयंत्रों, 117 पंपिंग स्टेशनों और तीन हजार किलोमीटर जल वितरण पाइपलाइनों का निर्माण करना है।