केंद्र सरकार और किसान नेताओं के बीच चंडीगढ़ में चौथे दौर की वार्ता हुई

केंद्र सरकार और किसान नेताओं के बीच कल चंडीगढ़ में चौथे दौर की बातचीत हुई। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि किसान नेताओं से सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने संयुक्त रूप से प्रस्ताव दिया है कि भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ-एनसीसीएफ और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ-नेफेड जैसी सरकार समर्थित सहकारी समितियां अगले 5 वर्षों के लिए एक अनुबंध बनाएंगी और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य-एमएसपी पर उनसे उत्पाद खरीदेंगी। हालांकि इसमें मात्रा की कोई सीमा नहीं होगी।

पीयूष गोयल ने कहा कि इस सहमति के बारे में सरकार एनसीसीएफ और नेफेड के साथ चर्चा करेगी। पीयूष गोयल ने यह भी कहा कि किसान नेता प्रस्तावों पर अपने निर्णय के बारे में आज सूचित करेंगे। ये बैठक 4 घंटे से ज्यादा समय तक चली।

इस बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय ने केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व किया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी बैठक में शामिल हुए। सरकार और किसानों के बीच बातचीत के पिछले तीन दौर 8, 12 और 15 फरवरी को हुए थे।

Related posts

Leave a Comment