केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज नागालैंड के मोन जिले में एक्सिस बैंक शाखा का उद्घाटन किया

केंद्रीय वित्त और कंपनी मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज नागालैंड के मोन जिले में एक्सिस बैंक शाखा का उद्घाटन किया। यह उनका मोन जिले का पहला दौरा था। निर्मला सीतारमण ने असम में डेमो और गोहपुर तथा मेघालय में मदनरितिंग में एक्सिस बैंक की तीन अन्य शाखाओं का भी वर्चुअली उदघाटन किया।

निर्मला सीतारमण ने ट्वीट संदेश में कहा कि मोन शाखा से 26 हजार लोग जुडेंगे और उम्‍मीद है कि ढाई लाख लोगों तक इसका विस्‍तार होगा। इस शाखा से ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल उत्पाद, खुदरा ऋण और बेहतर व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अन्य शाखाओं से चाय बागान समुदाय, रक्षा प्रतिष्ठानों और व्यापारिक समुदायों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी। इस अवसर पर नगालैंड के राज्यसभा सदस्य एस. फांगनोन कोन्याक, वित्तीय सेवा विभाग के सचिव संजय मल्होत्रा, एक्सिस बैंक के प्रबंध निदेशक अमिताभ चौधरी और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

कोहिमा पहुंचने पर निर्मला सीतारमण नागालैंड ग्रामीण बैंक की मोबाइल एटीएम वैन सेवा का शुभारंभ करेंगी। निर्मला सीतारमण नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के साथ माइक्रो फाइनेंस पहल की शुरूआत करेंगी। वहां उनका एक गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के दौरे का भी कार्यक्रम है।

Related posts

Leave a Comment