कार्तिक पूर्णिमा आज देश के विभिन्‍न भागों में धार्मिक उल्‍लास के साथ मनाई जा रही है

कार्तिक पूर्णिमा आज देश के विभिन्‍न भागों में धार्मिक उल्‍लास के साथ मनाई जा रही है। उत्‍तर प्रदेश में इस अवसर पर बडी संख्‍या में तीर्थयात्री पवित्र नदियों में स्‍नान के लिए पहुंच रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वाराणसी और चित्रकूट में देव दीपावली मनाने की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

गंगा, यमुना और सरयू जैसी राज्य की प्रमुख नदियों के घाटों पर लोग कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर डुबकी लगाने के लिए पहुंच रहे हैं। अकेले अयोध्या शहर में ही 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। अन्य प्रमुख शहरों जैसे वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, कन्नौज और हापुड़ में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है। काशी में गंगा नदी के 84 घाटों पर आज शाम 15 लाख से ज्यादा दीए जलाए जाएंगे। काशी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन दिवसीय बैलून महोत्सव राज्य पर्यटन विभाग ने शुरू किया है। आज प्रयागराज में भी संगम का इलाका 5 लाख से ज्यादा दीयों से जगमग होगा और शहर के गणमान्य व्यक्ति इस समारोह में शामिल होंगे।

बिहार में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आज सुबह से ही श्रद्धालु गंगा, कोसी, गंडक, बागमती और दूसरी पवित्र नदियों में स्नान कर रहे हैं। पवित्र स्‍नान के बाद श्रद्धालु राज्‍य के विभिन्‍न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। लाखों श्रद्धालुओं ने सारण जिले में गंगा और गंडक नदियों के प्रसिद्ध संगम कोन्‍हारा घाट पर पवित्र स्‍नान किया।

Related posts

Leave a Comment