कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने तमिलनाडु में मेडिकल कॉलेजों और एम्स के कामकाज को लेकर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के साथ चर्चा के बाद सदन से वाकआउट कर दिया।
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस, डीएमके और अन्य दलों के विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय मंत्री मांडविया की उन टिप्पणियों पर आपत्ति की जिसमें उन्होंने कहा था कि वे किसी मेडिकल कॉलेज को बुनियादी ढांचे और फैकेल्टी के बिना काम नहीं करने देंगे।
मनसुख मांडविया ने कहा कि केंद्र, राज्य सरकारों और निजी क्षेत्र को मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए हर संभव सहायता देगा, लेकिन किसी ऐसे कॉलेज को काम नहीं करने दिया जाएगा जो मूलभूत बुनियादी ढांचे और अन्य सुविधाओं के बिना काम कर रहा हो। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी सदस्यों को स्वास्थ्य से संबंधित मुद्दों पर राजनीति करने से बचना चाहिए। विपक्षी सदस्यों ने उनकी टिप्पणियों पर आपत्ति की और केंद्रीय मंत्री से क्षमा मांगने के लिए सदन के बीचों बीच एकत्र हो गए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विरोध कर रहे सदस्यों से शांति बनाए रखने की अपील की और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे टिप्पणियों का अध्ययन करेंगे। बाद में विरोध कर रहे सदस्यों ने सदन से वाकाआउट कर दिया।