कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान लगभग सम्पन्न हो गया है। शाम पांच बजे तक 65 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद भी कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखी जा रही हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों में शाम छह बजे तक प्रवेश करने वाले मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति दी है।
शाम पांच बजे तक सबसे अधिक 78 दशमलव 22 प्रतिशत मतदान रामनगरम जिले में और सबसे कम 48 दशमलव 63 प्रतिशत बेंगलुरु दक्षिण में हुआ। 224 विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 2 हजार 615 उम्मीदवार मैदान में हैं। 58 हजार 545 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ।
पूरे राज्य में चुनाव कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। विजयपुरा जिले के बसवनबागेवाड़ी निर्वाचन क्षेत्र के मसाबिनाला में एक अधिकारी के साथ मारपीट करने के आरोप में 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मतगणना शनिवार को होगी। 2018 में पिछले विधानसभा चुनाव में 72 दशमलव तीन छह प्रतिशत मतदान दर्ज किया था।
