ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आज अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल किया, जिसमें तीन वरिष्ठ विधायक बिक्रम केशरी अरुखा, सुदाम मरांडी और शारदा नायक को मंत्री के रूप में शामिल किया गया। राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने आज सुबह लोक सेवा भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बिक्रम केशरी अरुखा, सुदाम मरांडी और शारदा नायक को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और उनके मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी उपस्थित थें।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने वित्त का प्रभार बिक्रम केशरी को, सारदा नायक को श्रम और सुदाम मरांडी को स्कूल और मास शिक्षा का प्रभार दिया है। तीन मंत्रियों को शामिल करने के साथ, ओडिशा की मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की संख्या 22 हो गई है।पिछले सप्ताह स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री समीर रंजन दास और श्रम मंत्री श्रीकांत साहू के अपने पदों से इस्तीफा देने के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल आवश्यक हो गया था। जबकि नबा दास की हत्या के बाद से स्वास्थ्य मंत्री का पद भी खाली पड़ा हुआ था।