राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने पार्टी के अध्यक्ष पद से आज अपना इस्तीफा वापस ले लिया। शरद पवार ने कहा कि वह लोगों की भावनाओं की उपेक्षा नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की इस्तीफा वापस लेने की मांग और वरिष्ठ नेताओं द्वारा पारित प्रस्ताव का वह सम्मान करते हैं।
शरद पवार ने मंगलवार को एनसीपी अध्यक्ष पद से इस्तीफे की घोषणा की थी। इससे पहले आज मुंबई में पार्टी कार्यालय में हुई कोर कमेटी की बैठक में पार्टी अध्यक्ष पद से शरद पवार के इस्तीफे को खारिज करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में उनसे पार्टी का नेतृत्व जारी रखने का अनुरोध किया गया। बैठक में पार्टी नेता अजीत पवार और सुप्रिया सुले शामिल थे।