उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में यमुना और बेतवा नदियों से बाढ के प्रति सतर्क रहने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से कहा है बाढ़ की आशंका को देखते हुए सभी एहतियात उपाय किए जाए। बुंदेलखंड क्षेत्र में बहने वाली प्रमुख नदियों, विशेष रूप से यमुना और बेतवा का जलस्तर निरंतर बढ़ रहा है और खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल देर रात एक विशेष समीक्षा बैठक की और यमुना और बेतवा नदियों के प्रभाव क्षेत्र में आने वाले जनपदों के अधिकारियों को बाढ़ के मद्देनजर अलर्ट रहने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राजस्थान के धौलपुर से और कोटा बैराज से पानी छोडे जाने की वजह से यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। इन हालात के मद्देनजर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी और फ्लड प्लाटून और आपदा प्रबंधन की सभी टीमें एक्टिव मोड में रहे और जरूरत पड़ने पर सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की भी मदद ली जाए।