ईरान ने कहा – लगातार हो रहे युद्ध विराम के उल्लंघन के बीच नहीं खुलेगा होर्मुज जल-डमरू-मध्य

ईरान ने कहा – लगातार हो रहे युद्ध विराम के उल्लंघन के बीच नहीं खुलेगा होर्मुज जल-डमरू-मध्य

Iran's parliament unanimously approves proposal to close Strait of Hormuz

ईरान ने कहा है कि अमरीका और इस्राएल द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला जा सकता। ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाक़र क़लिबाफ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि संघर्ष विराम उल्लंघनों में ईरान के बंदरगाहों की अमरीकी नौसैनिक नाकाबंदी भी शामिल है। ईरान के मुख्य वार्ताकार ने इसे वैश्विक अर्थव्यवस्था को बंधक बनाने और इस्राएल द्वारा हर मोर्चे पर युद्ध भड़काने के बराबर बताया।

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा कि ईरान वार्ता के लिए तैयार है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन, नाकाबंदी और धमकियाँ वार्ता में मुख्य बाधाएँ हैं। अमरीका और ईरान के बीच इस सप्ताह पाकिस्तान में संभावित शांति वार्ता अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। मंगलवार रात अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने अमरीका–ईरान संघर्ष विराम को बढ़ाने की घोषणा की थी। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने बाद में स्पष्ट किया कि संघर्ष विराम विस्तार अनिश्चित काल के लिए है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ईरान के खिलाफ जारी अमरीकी नौसैनिक नाकाबंदी से संतुष्ट हैं। उनका मानना है कि ईरान बहुत कमजोर स्थिति में है।

इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में तनावपूर्ण गतिरोध पिछले कुछ घंटों में और गहरा गया है। ईरान की नौसैनिक नाकाबंदी तेज हो गई है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा है कि उसने दो मालवाहक जहाजों को जब्त कर लिया है। समुद्री निगरानी एजेंसियों ने यह भी बताया है कि ओमान के तट के पास एक तीसरे जहाज पर गोलीबारी की गई।

उधर, वाशिंगटन में, व्हाइट हाउस ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते की समाप्ति के बावजूद वह अपनी मौजूदा नौसैनिक स्थिति को बनाए रखेगा। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया है कि अगले 72 घंटों के भीतर बातचीत शुरू हो सकती है। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि “प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन, नाकाबंदी और धमकियां वास्तविक बातचीत में मुख्य बाधाएं हैं।

Related posts