इराक़ के बगदाद में तीरंदाजी एशिया कपः2024 में भारत ने नौ स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य सहित 14 पदक जीते हैं। महिला व्यक्तिगत रिकर्व वर्ग में दीपिका कुमारी ने सिमरनजीत कौर को हराकर स्वर्ण पदक जीता। धीरज बोम्मदेवरा ने तरुणदीप राय को हराकर पुरुष रिकर्व तीरंदाजी का खिताब जीता।
भारत सभी व्यक्तिगत स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान के साथ-साथ पुरुष और महिला दोनों कंपाउंड स्पर्धाओं में भी पहले स्थान पर है। महिला वर्ग में परनीत कौर ने ईरान की फतेमेह हेममती को 138-135 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। जबकि पुरुष वर्ग में प्रथमेश जावकर ने कुशल दलाल को 146-144 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
सिमरनजीत कौर, दीपिका कुमारी और भजन कौर की महिला रिकर्व टीम ने फाइनल में रोमांचक मुकाबले में शूटआउट के जरिए उज्बेकिस्तान को 5-4 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। धीरज बोम्मदेवरा, प्रवीण रमेश जाधव और तरुणदीप राय की तिकड़ी ने बांग्लादेश को 6-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। धीरज और सिमरनजीत ने भी मिश्रित टीम रिकर्व फाइनल में बांग्लादेश को 6-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।