इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप में मूसलाधार बारिश के बाद आई बाढ़ से मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। इस क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद पानी उतरने पर बचाव दलों ने कई और शव बरामद किए हैं। पश्चिमी सुमात्रा प्रांत में गुरुवार को मॉनसून की वर्षा और नदियों के उफान पर होने से 9 जिलों और कई शहरों में बाढ़ आ गई थी। शुक्रवार को कीचड़ के सैलाब के बाद नदी के किनारे टूट गए और पेसिसिर सेलातान जिले में पहाड़ों से सटे गांवों में भीषण तबाही मच गई।
आपदा प्रबंधन एजेंसी ने कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली नहीं होने, पुलों के क्षतिग्रस्त होने और मलबे के कारण सड़कें बंद होने से राहत के कार्यों में बाधा आई। एजेंसी के प्रवक्ता अब्दुल मुहारी ने बताया कि बचाव दलों ने आपदा से गंभीररूप से प्रभावित पेसिसिर सेलातान और इसके पड़ोसी पदांग परियामान जिलों में कुछ और शव बरामद किए हैं, जिसके साथ ही मृतकों की संख्या 26 हो गई है।
बचाव दलों के कार्यकर्ता अभी भी 11 लोगों की तलाश कर रहे हैं, जो कथित रूप से लापता हैं। मुहारी ने बताया कि पश्चिमी सुमात्रा प्रांत में 37 हजार से अधिक घर और भवन मानसून की वर्षा के कारण आई बाढ़ में डूब गए हैं।