गुजरात में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए अधिसूचना आज जारी की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश में सुन्दरनगर और सोलन में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने सेना में दस साल की सेवा कर चुके जूनियर कमीशन अधिकारियों को आनुपातिक पेंशन के प्रावधानों का लाभ दिया है।
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 28 अक्तूबर को समाप्त हुए सप्ताह में 6 अरब 56 करोड डॉलर बढ़कर, पांच सौ 31 अरब डॉलर से अधिक हुआ।
गयाना के राष्ट्रपति डॉक्टर मोहम्मद इरफान अली अगले वर्ष आठ जनवरी से इंदौर में होने वाले प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में मुख्य अतिथि होंगे।
एफ.आई.एच. प्रो लीग हॉकी में कल भुवनेश्वर में भारत ने न्यूजीलैंड को 7-4 से पराजित किया।
आज के अखबार की सुर्खियां
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण अखबारों की बड़ी खबर है। जनसत्ता की सुर्खी है – सुप्रीम कोर्ट में 10 नवम्बर को सुनवाई। दैनिक ट्रिब्यून की टिप्पणी है – दिल्ली सरकार के दफ्तर आधे और प्राइमरी स्कूल पूरी तरह बंद।
निजी क्षेत्र के लाखों कर्मचारियों के लिए राहतभरी खबर पर हिन्दुस्तान का शीर्षक है – पेंशन योजना के लिए 15 हजार रुपए वेतन की सीमा समाप्त। सुप्रीम कोर्ट ने 2014 की कर्मचारी पेंशन संशोधन योजना को बहाल किया। जिन कर्मचारियों ने पेंशन योजना में शामिल होने के विकल्प का इस्तेमाल नहीं किया है वे छह महीने के भीतर ऐसा कर सकते हैं।
लोकसत्य की खबर है – अधिकारियों की तरह जवानों को भी मिलेगी पेंशन। सेना में कम से कम दस वर्ष की सेवा के बाद सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम में नौकरी पाने वाले जूनियर कमीशन अधिकारी तथा जवानों को भी अब यथानुपात पेंशन का लाभ मिलेगा।
दैनिक जागरण की खबर है – इलेक्ट्रानिक वस्तुओं का देश में बढ़ेगा उत्पादन, कोरोनो के कारण चीन में बार-बार लॉक डाउन से भारतीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ। ताइवान, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों की भारत में उत्पादन संयंत्र लगाने की तैयारी। उधर अमर उजाला की टिप्प्णी है – एपल का चीन को झटका, पेगाट्रॉन अब भारत में बना रही आईफोन-14, भारत सरकार की विदेशी कंपनियों को आकर्षित करने की नीतियों का दिखने लगा है असर।
नवभारत टाइम्स लिखता है – विदेशी मुद्रा भण्डार में सालभर की सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़ोतरी। 28 अक्तूबर को समाप्त हुए सप्ताह में छह अरब 56 करोड़ डॉलर बढ़कर यह 531 अरब डॉलर से अधिक हो गया।