प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर टीकाकरण के नए विश्व कीर्तिमान स्थापित होने का समाचार लगभग सभी अख़बारों ने सुर्खियों में दिया है। जनसत्ता की सुर्खी है- एक दिन में दी गई ढ़ाई करोड़ से ज्यादा खुराक। एक अनुमान के मुताबिक देश में एक सेकेण्ड में औसतन करीब पांच सौ खुराक लगाई गई। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर चीन को पीछे छोड़, रचा नया कीर्तिमान, न्यूजीलैंड की आबादी का चार गुना से ज्यादा एक दिन में टीकाकरण। अमर उजाला लिखता है- पहली बार देश में एक लाख से ज्यादा टीकाकरण शिविर।
संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मिले उपहारों और स्मृति चिन्हो की ई-नीलामी की ख़बर, दैनिक ट्रिब्यून ने विस्तार से दी है। पत्र लिखता है- तोक्यो पैरालिम्पिक की बैडमिंटन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले कृष्णा नागर और रजत पदक जीतने वाले सुहास यथिराज के रैकेटों की बोली दस करोड से ऊपर।
चारधाम यात्रा के आज से शुरू होने का समाचार राजस्थान पत्रिका में है। कोरोना के कारण यात्रा के दौरान भक्तों को किसी कुंड में स्नान की इजाज़त नहीं होगी। हिन्दुस्तान लिखता है- उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा के लिए अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए दो पास जरूरी होंगे। श्रद्धालुओं को स्मार्ट सिटी के अलावा, देवस्थानम बोर्ड के वैब पोर्टल पर भी पंजीकरण कराना होगा। आज से हेमकुंड साहिब की यात्रा भी शुरू हो रही है। एक दिन में एक हजार श्रद्धालुओं को ही अनुमति।
जीएसटी काउंसिल की बैठक में लिए गए निर्णय भी अख़बारों की सुर्खियां बने हैं। दैनिक जागरण लिखता है- जीवन रक्षक कई दवाएं होंगी सस्ती, कोरोना की दवाओं पर जीएसटी की घटी दर, 31 दिसम्बर तक प्रभावी। नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- बच्चों की जान बचाने वाली दवाओं पर जीएसटी नहीं, कैंसर की दवा सस्ती।
दैनिक ट्रिब्यून लिखता है- पेट्रोल-ड़ीजल अभी जीएसटी में नहीं, माल ढुलाई वाहनों को राष्ट्रीय परमिट शुल्क से छूट।
राजस्थान पत्रिका के शब्द हैं- स्विगी और जौमैटो जैसी खाना पहुंचाने वाली सेवाओं के लिए अब आर्डर के हिसाब से कर वसूली होगी।