आज के अखबारों की सुर्खियां 29 जून 2021

आज के अखबारों की सुर्खियां 29 जून 2021

कोरोना की दूसरी लहर में बेहाल छोटे कारोबारियों के लिए सरकार की सौगात की ख़बर अलग-अलग शीर्षकों से प्रकाशित की गई है। हिन्‍दुस्‍तान ने लिखा है – छोटे कारोबारियों के लिए सरकार ने खजाना खोला। नवभारत टाइम्‍स के शब्‍द हैं – इकॉनमी में जान डालने के लिए बूस्‍टर डोज। राजस्‍थान पत्रिका ने राहत का पिटारा शीर्षक से लिखा है – छोटे कारोबारियों और पर्यटन उद्योग को संजीवनी, रोज़गार पर भी ध्‍यान। हरिभूमि ने आठ बड़ी घोषणाओं को विस्‍तार से दिया है।

जम्‍मू में एक बार फिर षड्यंत्र की कोशिश को सेना द्वारा नाकाम किए जाने की ख़बर भी सभी अखबारों ने विस्‍तार से दी है। राष्‍ट्रीय सहारा ने लिखा है – सेना की त्‍वरित कार्रवाई के बाद भागे ड्रोन। हरिभूमि ने बड़े अक्षरों में स्‍पष्‍ट लिखा है – भारत शांतिप्रिय देश है, लेकिन दुश्‍मन के उकसावे का उसी की भाषा में दिया जाएगा करारा जवाब। अमर उजाला लिखता है – लश्‍कर का शीर्ष सरगना नदीम अबरार गिरफ्तार।

लगभग सभी अखबारों ने ट्विटर के नई हिमाकत करते हुए भारत के नक्‍शे से छेड़छाड़ और फिर हुए तत्‍काल भारी विरोध के बाद देर शाम उसे हटाने की ख़बर दी है। राजस्‍थान पत्रिका की ख़बर है – संसदीय समिति के समक्ष फेसबुक और गूगल की पेशी आज।

उत्‍तराखण्‍ड हाईकोर्ट द्वारा एक जुलाई से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा पर रोक लगाने की ख़बर दैनिक भास्‍कर ने पहले पन्‍ने पर दी है। पत्र लिखता है – अदालत ने कहा, श्रद्धालुओं का जीवन अधिक महत्‍वपूर्ण है। जनसत्‍ता ने लिखा है – उत्‍तराखण्‍ड सरकार ने कांवड़ यात्रा लगातार दूसरे साल रद्द की।

दैनिक ट्रिब्‍यून ने पहले पन्‍ने पर परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम मिसाइल अग्नि प्राइम का सफल प्रायोगिक परीक्षण करने की ख़बर दी है। अखबार ने सूत्रों के हवाले से लिखा है – यह सतह से सतह पर एक हज़ार से दो हज़ार किलोमीटर तक मारक क्षमता वाली बैलिस्टिक मिसाइल है।

दैनिक भास्‍कर ने खबर दी है कि केरल हाईकोर्ट के फैसले को कल्‍याणकारी बताते हुए सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस व्‍यवस्‍था को बरकरार रखा है कि दिव्‍यांगों को पदोन्‍नति में आरक्षण का हक है।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के असम और मेघालय में सक्रिय होने और दिल्‍ली में दो जुलाई को आगमन के संकेत भी कुछ अखबारों के मुखपृष्‍ठ पर है।

कोरोना वायरस के टीकाकरण में कुल संख्‍या के हिसाब से भारत, अमरीका से आगे निकला, लिखता है हिन्‍दुस्‍तान और राष्‍ट्रीय सहारा।

नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है – मध्‍यप्रदेश में पाबंदियों के साथ ढ़ील, सिनेमा हॉल की टिकटें उसी को दी जाएंगी, जिसने कोरोना रोधी दोनों टीके लगा लिए हैं।

उज्‍जैन में आस्‍था का प्रतीक महाकालेश्‍वर मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए कोरोना दिशा-निर्देशों के प्रबंध के साथ कल से खोला गया, लिखा है – हरिभूमि ने।

Related posts

Leave a Comment