केन्द्रीय मंत्रिपरिषद की कल की बैठक को आज के अखबारों ने अहमियत दी है। जनसत्ता ने लिखा है- साढे 11 घंटे के मंथन के बाद मोदी ने कहा, जाइए जीत कर आइए, जल्दी ही फिर मिलेंगे। हिन्दुस्तान ने लिखा है- अगले दस दिन में 12 प्रदेशों के कार्यक्रमों में पहुंचेंगे प्रधानमंत्री। नवभारत टाइम्स ने इस खबर पर लिखा है- मोदी तीसरे चरण से पहले सौ दिनों पर मंथन।
दैनिक जागरण ने मंत्रियों को गैर जरूरी बयानबाजी और डीपफेक से बचने की सलाह को अहमियत दी है। राष्ट्रीय सहारा ने प्रधानमंत्री मोदी के आज से 12 राज्यों के तूफानी दौरे को बडी सुर्खी बनाया है। पत्र लिखता है- दस दिन लगातार धुंआधार।
राजस्थान पत्रिका ने मुखपृष्ठ पर बॉक्स में लिखा है- कोलकाता में नदी के नीचे बनी देश की पहली मेट्रो का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री। छह मार्च से सफर होगा शुरू।
जनसत्ता, हिन्दुस्तान और अमर उजाला ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन के राजनीति से संन्यास की चर्चा पहले पन्ने पर की है। राष्ट्रीय सहारा ने शीर्षक दिया है-संन्यास के संकेत पर कहा-ईएनटी क्लिनिक कर रहा है मेरी वापसी का इंतजार।
अमर उजाला, नवभारत टाइम्स और जनसत्ता ने भोजपुरी गायक के महिलाओं पर अभद्र गाने से, उम्मीदवारी पर ब्रेक लगने की खबर दी है।
समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए तटीय इलाकों में ड्रोन निगरानी प्रणाली योजना की चर्चा कुछ अखबारों के पहले पन्ने पर है।