आज का अखबार हिंदी 4 अक्टूबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

जातीय सर्वेक्षण की राजनीति पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की टिप्‍पणी अखबारों की बडी खबर है। राजस्‍थान पत्रिका लिखता है- देश में गरीबी से बडी जाति नहीं, इसका कल्‍याण हमारा लक्ष्‍य। देशबंधु का कहना है- सुप्रीमकोर्ट पहुंचा बिहार जाति सर्वेक्षण का मामला, छह अक्‍तूबर को होगी सर्वोच्‍च न्‍यायालय में सुनवाई, रिपोर्ट को सार्वजनिक करने पर जताई गई आपत्ति।

जनसत्‍ता की बडी खबर है- बेवसाइट न्‍यूजक्लिक के संपादक सहित दो गिरफ्तार, चीन के प्रचार के लिए धन लेने का मामला, तीस से ज्‍यादा ठिकानों पर तलाशी। गैर कानूनी गतिविधि निरोधक अधिनियम के तहत गिरफ्तारी, डिजिटल उपकरण और दस्‍तावेज जब्‍त।

कनाडा में खालिस्‍तानी आतंकी गतिविधि को लेकर भारत की दो टूक पर अमर उजाला का शीर्षक है-भारत ने बढाया दबाव, 41 राजनयिकों को वापस बुलाये कनाडा, दस अक्‍तूबर तक वापस नहीं बुलाया तो समाप्‍त कर देंगे सभी राजनयिक छूट। पंजाब केसरी की टिप्‍पणी है- भारत की सख्‍ती के बाद नरम पडे ट्रूडो, कहा हम भारत से रिश्‍ते सुधारेंगे।

दैनिक जागरण का कहना है- त्‍योहारी सीजन में पूरी आर्थिकी को मिलेगा लाभ। रियल एस्‍टेट से लेकर ऑटो, मोबाइल फोन और अन्‍य होम उपकरणों में बिक्री की बढोतरी की उम्‍मीद।

हिन्‍दुस्‍तान सुविधा शीर्षक से लिखता है- वरिष्‍ठ नागरिकों के लिए विशेष पेंशन हेल्‍पलाइन, सातों दिन सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक काम करती है। सामाजिक न्‍याय और अधिकारिता मंत्रालय ने एल्‍डरलाइन की शुरूआत की। इसका टोल फ्री नम्‍बर है- 1 4 5 6 7.

दैनिक भास्‍कर की खबर है- हिमालय में महिलाएं रोक रही पानी ताकि रिचार्ज हों झरने।

Related posts

Leave a Comment