बिहार में जाति आधारित गणना के आंकडे जारी होने को आज के सभी समाचार पत्रों ने मुख पृष्ठ पर दिया है। जनसत्ता की सुर्खी है कि आबादी में पिछडों और अति पिछडों की हिस्सेदारी 63 प्रतिशत। अमर उजाला लिखता है बिहार में सर्वाधिक दो-तिहाई आबादी पिछडा वर्ग की…. यादव सबसे ज्यादा। राजस्थान पत्रिका के शब्द हैं बिहार के जातिगत आंकडों ने देश में बढाई सियासी हलचल।
हिन्दुस्तान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ग्वालियर में एक जनसभा में दिए बयान को प्रमुखता दी है-विकास विरोधी लोग जात-पात के नाम पर आज भी बांट रहे।
एनआईए की मोस्ट वान्टेड लिस्ट में शामिल आतंकवादियों में से एक शाहनवाज की दिल्ली से गिरफ्तारी कई अखबारों में है। राष्ट्रीय सहारा के अनुसार देशभर में सीरियल ब्लास्ट करना चाहते थे तीनों हार्डकोर आतंकी। दैनिक जागरण का कहना है कि युवाओं की भरती कर बना रहे थे स्लीपर सेल। केन्द्र सरकार भारत-चीन सीमा पर खुफिया सुचनाएं एकत्र करने के लिए बनाएगी चौकियां। हिन्दुस्तान लिखता है- बॉर्डर इंटेलिजेंस पोस्ट से चीन पर रखी जाएगी पैनी नजर। पंजाब के 40 सरकारी अस्पताल होंगे हाईटैक, दैनिक ट्रिब्यून में है। सेहतमंद पंजाब अभियान की हुई शुरुआत।