देश के पहले मानव अंतरिक्ष उडान मिशन गगनयान के लिए चार यात्रियों के नाम घोषित किए जाने की खबर आज सभी अखबारों की पहली सुर्खी बनी है। दैनिक जागरण लिखता है -अंतरिक्ष में तिरंगा फहराएंगे वायु सेना के चार जाबांज, पीएम ने की नाम की घोषणा। हिन्दुस्तान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वक्तव्य को कुछ यूं प्रकाशित किया है – इस बार गिनती भी हमारी और रॉकेट भी। जनसत्ता लिखता है – परिवार और दोस्तों में खुशी की लहर।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन का भारतीय उद्योग को प्रोत्साहित करने का समाचार राष्ट्रीय सहारा ने सुर्खी बनाया है। पत्र लिखता है – विकसित भारत में अहम होगी उद्योगों की भूमिका। आने वाली पीढियों को बेहतर भारत देने से ही हम बनेंगे विकसित राष्ट्र।
हर माह खुल रहे पांच ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, 2 साल में मिलेंगी साढे तीन लाख नौकरियां, दैनिक भास्कर की खबर है।
छोटे शहरों में साइबर अपराध बढे, बिक रही हैं फिशिंग किट, दैनिक भास्कर की सुर्खी है।
दिल्ली-एनसीआर की हवा में सुधार, सभी पाबंदियां हटीं, जनसत्ता की खबर है। अमर उजाला ने दिल्ली के यमुना घाट की खूबसूरत तस्वीरें प्रकाशित की हैं। पत्र मौसम के बदलते रंग शीर्षक के साथ लिखता है – राजधानी में हल्की बारिश के बाद गुनगुनी धूप से मौसम खुशनुमा हुआ।
सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पढाई भी कठिन थी, वहां पहुंचा दिए पुस्तकालय, दैनिक जागरण की खबर है। पत्र लिखता है – झारखंड के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में पुस्तकालय के संचालन के लिए बनाया व्हाट्सएप समूह।
सौर ऊर्जा से चलेंगे शहर के पांच सौ 50 ट्यूबवेल, बिजली गुल होने पर अब बाधित नहीं होगी पानी की आपूर्ति, हरि भूमि की खबर है।