आज का अखबार हिंदी 24 दिसंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

आज का अखबार हिंदी 24 दिसंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

हाल में सेना के वाहनों पर घात लगाकर किए गए आतंकी हमले को लेकर आतंकियों की तलाश तेज तथा पुंछ और राजौरी में एहतियात के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद करने की खबर को नवभारत टाइम्‍स और जनसत्‍ता ने पहली खबर बनाया है।

आतंकवादी हरकतों तथा अमरीका में मंदिर की दीवारों पर लिखे गए नारों के बाद विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर के बयान भी अखबारों के पहले पन्‍ने पर छाए हुए हैं। अमर उजाला लिखता है- भारत ने सख्‍त विरोध जताया, अब दूसरा गाल आगे नहीं बल्कि मुंहतोड़ जवाब देता है भारत। हरि भूमि ने बड़े अक्षरों में लिखा है- विदेश मंत्री ने कहा- देश अब दूसरा गाल आगे करने के मूड में नहीं। जनसत्‍ता लिखता है- देश के बाहर अलगाववादी ताकतों को जगह नहीं मिलनी चाहिए।

राष्‍ट्रीय सहारा की पहली सुर्खी है- दिल्‍ली सरकार के अस्‍पतालों में घटियां दवाएं, होगी सीबीआई जांच। दैनिक जागरण ने भी इस खबर को सुर्खी बनाते हुए लिखा है- दिल्‍ली सरकार के अस्‍पतालों में दवाओं का बड़ा फर्जीवाड़ा।

बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आने को अमर उजाला ने पहले पन्‍ने पर दिया है। केरल में सबसे ज्‍यादा सक्रिय मामले, लिखा है हरि भूमि ने।

हरि भूमि ने ही पहले पन्‍ने पर लिखा है- एयर इंडिया को मिली पहली एयर बस ए-350, शनिवार को दिल्‍ली हवाई अड्डे पहुंची, जनवरी 2024 से अपनी सेवाएं देना शुरू करेगी।

अमर उजाला की खबर है- छह जनवरी को मंजिल पर पहुंच जाएगा सूर्य मिशन पर निकला आदित्‍य एल-वन, दो सितम्‍बर को श्रीहरिकोटा से छोड़ा गया था।

दैनिक भास्‍कर ने कुल्‍लू की बर्फ से ढकी पहाड़ियों के चित्र के साथ लिखा है- लाहौल-धौलाधार की चोटियों में हिमपात, पारा चार डिग्री गिरा, ठिठुरन बढ़ी। पत्र ने लिखा है- अटल सुरंग के आसपास भी तीन इंच से ज्‍यादा बर्फबारी हुई, हिमपात से किसान और बागवानी में लगे लोगों के चेहरे खिले। हिन्‍दुस्‍तान की खबर है- दिल्‍ली एनसीआर में वायु गुणवत्‍ता बेहद गंभीर श्रेणी की दहलीज में। हवा की रफ्तार कम होने से बीते दो दिन में दिल्‍ली में प्रदूषण में तेजी से बढ़ोत्‍तरी।

Related posts

Leave a Comment