संसद की सुरक्षा में गंभीर चूक आज के सभी समाचार पत्रों की पहली खबर है। अमर उजाला की सुर्खी है- संसद पर आतंकी हमले की बरसी के दिन दर्शक दीर्घा से लोकसभा में कूदे दो युवक। पांच आरोपी गिरफ्तार। देशबंधु का कहना है- संसद की सुरक्षा में फिर लगी सेंध। सदन में स्मोक बम लेकर कूदे दो युवक। दैनिक जागरण के अनुसार गृह मंत्रालय ने जांच के लिए समिति गठित की।
पराली जलाना हर हाल में रूकना चाहिए। दैनिक जागरण के अनुसार, दिल्ली एन सी आर में बढते वायु प्रदूषण के मामले पर सुनवाई के दौरान सुप्रीमकोर्ट ने कहा- प्रदूषण पर अंकुश के लिए कदम उठायें राज्य सरकारें। एक्शन प्लान लागू करके दो महीने में रिपोर्ट देने का निर्देश। दैनिक भास्कर ने सुप्रीमकोर्ट के शब्दों को दिया है- प्रदूषण रोकने के लिए न्यायिक निगरानी जरूरी।
दिल्ली में अवैध निर्माण तोडने पर पाबंदी बढी, हिन्दुस्तान लिखता है- अनाधिकृत संरचनाओं को छूट देने वाला विधेयक लोकसभा में पेश। नवभारत टाइम्स का कहना है- दिल्ली को तोडफोड से 2026 तक मिलेगी राहत।
गजा में तत्काल युद्धविराम को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासभा में पेश प्रस्ताव के समर्थन में भारत के मतदान को जनसत्ता सहित कई अखबारों ने दिया है।
दुबई में धरा गया महादेव ऐप का मालिक उप्पल, राष्ट्रीय सहारा में है। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के दो मुख्य मालिकों में से एक रवि उप्पल को प्रवर्तन निदेशालय के अनुरोध पर इंटरपोल द्वारा जारी रेडकार्नर नोटिस के आधार पर दुबई में स्थानीय पुलिस ने हिरासत में लिया है।