गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। असम के डिब्रूगढ में आज जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि असम में सत्तर प्रतिशत क्षेत्रों से सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम-अफस्पा हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि कई उग्रवादी गुटों ने राज्य में सरकार के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं। अमित शाह ने कहा कि तीन पूर्वोत्तर राज्यों में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी जनादेश के साथ सत्ता में है। उन्होंने विदेश में भारत के बारे में झूठी जानकारी फैलाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की। अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को गुवाहाटी में बिहू उत्सव देखेंगे तथा एम्स सहित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भापेश कलिता भी उपस्थित थे।