असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बाढ़ग्रस्त इलाकों के प्रभावित लोगों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आज राज्य के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की। राज्य सरकार राहत शिविरों और अन्य आश्रय स्थलों में रहने वाले प्रत्येक परिवार को 3 हजार 800 रुपये देगी।

मुख्यमंत्री ने आज उन छात्रों को बैंक खातों के माध्‍यम से एक-एक हजार रुपये प्रदान किए जिनकी अध्ययन सामग्री बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गई थी। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से मुफ्त पाठ्य पुस्तकों के अलावा कुल एक लाख एक हजार 539 छात्रों को मुख्यमंत्री विशेष पुस्तक अनुदान के अंतर्गत धनराशि प्राप्त हुई है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि बाढ़ में 195 लोगों की जान चली गई और 35 लोग अब भी लापता हैं। राज्य के 34 जिलों में 89 लाख से अधिक लोग बाढ से प्रभावित हैं। 54 हजार से अधिक मवेशी बाढ में बह गए हैं और दो लाख चालीस हजार 96 हेक्टेयर फसल और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है।

राज्य सरकार सभी प्रभावित लोगों को राहत और मुआवजा देने के लिए प्रतिबद्ध है। बाढ प्रभावित लोगों को 16 अगस्त, तक राहत पैकेज मिल जाएगा।

Related posts

Leave a Comment