अफगानिस्तान में हवाई क्षेत्र बंद हो जाने के कारण एयर इंडिया की कोई भी उडान काबुल नहीं जा पायेगी। एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया है कि दिल्ली से काबुल के लिए पूर्व निर्धारित उडान रद्द कर दी गई है। अफगान हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण एयर इंडिया की शिकागो-दिल्ली की उडान एआई-126 को खाडी हवाई क्षेत्र से ले जाना पड़ा।
इससे पहले काबुल के अधिकारियों ने अफगानिस्तान में हवाई क्षेत्र की स्थिति अनियंत्रित होने की घोषणा की थी और पारगमन उडानों को इस उडान मार्ग से बचने की सलाह दी थी।
अफगानिस्तान में तालिबान ने राजधानी काबुल पर नियंत्रण करने के बाद देश में जीत का दावा किया है। तालिबान के एक प्रवक्ता ने पत्रकारों को बताया कि उनके लडाकों ने राष्ट्रपति पैलेस पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने दावा किया कि अफगान सरकार ने समर्पण कर दिया है और राष्ट्रपति अशरफ गनी देश छोडकर चले गए हैं। प्रवक्ता ने कहा कि देश में सत्ता पर कब्जा करने के लिए संघर्ष समाप्त हो गया है। काबुल में अराजकता का माहौल है और स्थानीय निवासी तथा विदेशी नागरिक देश छोडने का प्रयास कर रहे हैं।