ईरान और पश्चिमी देशों के बीच गतिरोध समाप्त करने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रोसी आज ईरान में वार्ता करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी -आई. ए. ई. ए. के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक अगले सप्ताह होनी है। ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार ग्रोसी कल रात तेहरान पहुंचे। परमाणु एजेंसी में ईरान के दूत ने बताया कि वे ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के नये प्रमुख मोहम्मद एस्लामी से भेंट करेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने बताया कि वहां से लौटने के बाद आज शाम विएना हवाई अड्डे पर राफेल ग्रोसी संवाददाता सम्मेलन करेंगे। एजेंसी ने इस सप्ताह सदस्य देशों को बताया था कि दोनों प्रमुख मुद्दों पर कोई प्रगति नहीं हुई है। इन मुद्दों में कई पुराने और अघोषित स्थानों पर यूरेनियम के निशान पाये जाने के बारे में स्पष्टीकरण और निगरानी उपकरणों तक तत्काल पहुंच शामिल है। इन मुद्दों के समाधान के बाद परमाणु ऊर्जा एजेंसी, 2015 के समझौते के अनुसार ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर नजर रखने का काम जारी रख सकती है।