हैती में एरियल हैनरी को नए प्रधानमंत्री के रूप मे शपथ दिलायी गयी है। करीब दो सप्ताह पहले राजधानी पोर्ट ऑ प्रिंस में राष्ट्रपति जोवेनल मोसे की हत्या कर दी गयी थी। अपनी हत्या से पहले मोसे ने हैनरी से पदभार संभालने के लिए कहा था।
एरियल हैनरी उस समय पदभार नहीं संभाल सके थे, क्योंकि अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ के साथ राजनीतिक कशमकश में उलझे हुए थे। हालांकि जोसेफ के सोमवार को पद से हटने बाद हैनरी के शपथ ग्रहण और इस वर्ष सितम्बर में कराये जाने वाले चुनावों का रास्ता साफ हो गया ।
शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री हैनरी ने कहा कि लोगों में फिर से विश्वास बहाल करना उनकी प्राथमिकता होगी और सरकार कानून व्यवस्था कायम करने और सुरक्षा के लिए हर कदम उठायेगी।