लोकसभा के 14 सदस्यों और राज्यसभा के एक सदस्य को अनुचित व्यवहार के लिए संसद के शीतकालीन सत्र की शेष बैठकों से निलंबित कर दिया गया है।लोकसभा में भोजनावकाश के बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस के पांच सदस्यों को निलंबित करने का प्रस्ताव पेश किया। टी.एन प्रतापन, राम्या हरिदास, एस. जोतिमणि, डीन कुरयाकोस और हिबि एडन को निलंबित करने का प्रस्ताव ध्वनिमत से मंजूर कर लिया गया। इसके बाद नौ और सदस्यों को अनुचित व्यवहार के लिए निलंबित कर दिया गया। इन सदस्यों में कांग्रेस के श्रीकंडम, बेनि- बेहान्न, मोहम्मद जावेद और मणिकम टैगोर, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के पी.आर नटराजन और एस. वेंकटेशन, डीएमके की कणिमोझी और एस.आर. प्रतिबान तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सुब्बारायन शामिल हैं।
राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ ब्रायन को निलंबित कर दिया गया। स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने पर सभापति जगदीप धनखड ने अनुचित व्यवहार के लिए डेरेक ओ ब्रायन का नाम लिया। इसके बाद राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने उन्हें निलंबित करने का प्रस्ताव पेश किया जिसे ध्वनिमत से स्वीकार कर लिया गया। सभापति के कई बाद निर्देश देने के बावजूद श्री ओ ब्रायन के सदन छोडने से इंकार करने पर उनके अनुचित व्यवहार और सभापति की आज्ञा की अवहेलना करने से जुडे मामले को विशेषाधिकार समिति को भेजने का प्रस्ताव पेश किया गया। समिति से तीन महीने के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है।