लिज़ ट्रस आज ब्रिटेन की 56वीं प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। वे बोरिस जॉनसन का स्थान लेंगी। बोरिस जॉनसन आज महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को त्यागपत्र सौंपेंगे।
लिज़ ट्रस को पार्टी के सदस्यों ने कल ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री और कंजर्वेटिव पार्टी का नेता चुना। लिज़ ट्रस ने अपने प्रतिद्वंद्वी ऋषि सुनक को 57 प्रतिशत मतों से हराया। वे, टेरेजा मे और मार्गरेट थैचर के बाद ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री होंगी।
प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद लिज़ ट्रस ने अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए करों में कटौती और ब्रिटेन को मंदी में जाने से रोकने के लिए कदम उठाने का वादा किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लिज़ ट्रस को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि लिज़ ट्रस के नेतृत्व में भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी।