राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज शाम नई दिल्ली में 19 प्रतिभासम्पन्न असाधारण बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया। पुरस्कार विजेता बच्चों को कला और संस्कृति, बहादुरी, नवाचार, सामाजिक सेवा और खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के लिए देश के सभी क्षेत्रों से चुना गया था। पुरस्कार विजेताओं में दो आकांक्षी जिलों सहित 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से नौ लड़के और दस लड़कियां शामिल हैं। इस अवसर पर महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी तथा महिला और बाल विकास राज्य मंत्री मुंजपारा महेंद्रभाई भी उपस्थित थे। यह पुरस्कार 5 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों को दिया जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं से संवाद भी करेंगे। पुरस्कार विजेता बच्चे 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगे।