राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से उत्तर-प्रदेश के दो दिन के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति बनारस और लखनऊ में कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 45वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। राज्यपाल आनंदीबेनपटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. नवरतन सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह में कुल 77 हजार 6 सौ 92 डिग्रियां वितरित की जाएंगी, जिसमें 16 स्वर्ण पदक मुख्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्वारा दिए जाएंगे। इस वर्ष मेधावी विद्यार्थियों को 65 स्वर्ण पदक दिये जाएँगे, जिनमें 51 स्वर्ण पदक छात्राओं को मिलेंगे।
शाम को राष्ट्रपति, लखनऊ में डिवाइन हार्ट फाउंडेशन के 27 साल पूरे होने पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके अलावा राष्ट्रपति 12 दिसंबर को लखनऊ में भारतीय सूचनाप्रौद्योगिकी संस्थान के दूसरे दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं।