यूक्रेन में, सुरक्षा उपाय के रूप में ज़ापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र का संचालन पूरी तरह से रोक दिया गया है। संयंत्र प्रभारी राज्य एजेंसी- एनरगोएटम ने बताया कि एजेंसी द्वारा 6 नंबर की बिजली इकाई को ग्रिड से अलग करने के बाद संयंत्र को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। संयंत्र को ठंडा करने की तैयारी चल रही है।
यूक्रेन सरकार ने संयंत्र के आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को अपनी सुरक्षा के लिए इस क्षेत्र को खाली करने को कहा था। रूस और यूक्रेन दोनों ने एक दूसरे पर परमाणु संयंत्र पर गोलाबारी करने, परमाणु आपदा का खतरा उत्पन्न करने का आरोप लगाया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने आसपास के क्षेत्र को असैन्य बनाने का आह्वान किया है।