मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले 24 घंटों में बहुत तेज वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग ने राज्य में वर्षा के कारण भू-स्खलन और बाढ़ की भी आशंका व्यक्त की है। लोगों से जलभराव वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी अगले 24 घंटे में तेज वर्षा का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य में इस दौरान बहुत तेज वर्षा जारी रहने की संभावना है। राज्य सरकार ने आज सभी स्कूल और शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का निर्णय लिया है।
मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी, चंपावत, टिहरी, नैनीताल, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य के अन्य हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए देहरादून, हरिद्वार और चंपावत के जिला प्रशासन ने आज सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और 12वीं कक्षा तक के सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है।
बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आज बहुत तेज वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर भारत में मानसून की सामान्य वर्षा हो रही है।