शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी नेता देवेन्द्र फडणवीस को उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री से कल विधानसभा में बहुमत सिद्ध करने को कहा है। शपथ ग्रहण के बाद कल मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक की। मंत्रिमंडल ने इस महीने दो और तीन तारीख को राज्य विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया। कल विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। मंत्रिमंडल ने खरीफ सीजन, वर्षा जल और राज्य में फसल बीमा स्थिति की भी समीक्षा की।
सीएम एकनाथ शिंदे ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में राज्य में विकास कार्यों को तेज और कुशल तरीके से आगे बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया। एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि उनकी टीम में फड़णवीस जैसे अनुभवी उपमुख्यमंत्री हैं। विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने मेट्रो परियोजनाओं, हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि राजमार्ग के साथ जल संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के महत्व पर जोर दिया। शीर्ष नौकरशाहों की मौजूदगी में की गयी बैठक में सीएम ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन विभिन्न सेवाओं को कुशल और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की उनकी योजना में सहयोग करेगा।