गुजरात में भगवान जगन्‍नाथ की 145वीं रथ यात्रा पारम्‍परिक श्रद्धा और उल्‍लास के साथ आयोजित की जा रही है

गुजरात में, अहमदाबाद में भगवान जगन्‍नाथ की 145वीं रथ यात्रा पारम्‍परिक श्रद्धा और उल्‍लास के साथ आयोजित की जा रही है। भगवान जगन्‍नाथ, बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के रथ अपने पारम्‍परिक यात्रा मार्ग से गुंडिचा मंदिर तक जाएंगे।

अहमदाबाद में 145वीं ऐतिहासिक रथ यात्रा पुराने शहर के जमालपुर क्षेत्र में स्थित 400 साल पुराने भगवान जगन्नाथ मंदिर से शुरू हुई है। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने आज सुबह भगवान जगन्नाथ मंदिर में अपने परिवार के सदस्यों के साथ मंगला आरती की। रथ यात्रा मंदिर में सोने की झाड़ू द्वारा प्रतीकात्मक रूप से मार्ग की सफाई की पारंपरिक “पहिंद” विधि के साथ शुरू हुई। तीन रथों का नेतृत्व 18 सजे-धजे हाथी कर रहे हैं, जबकि 101 ट्रक, 30 अखाड़े, 18 भजन मंडली और बड़ी संख्या में साधू-संत रथों के पीछे चल रहे हैं। देर शाम तक मंदिर वापस आने से पहले रथ यात्रा अपने 18 किलोमीटर लंबे पारंपरिक मार्ग से होकर गुजरेगी। रथ यात्रा उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए ड्रोन और बॉडीवियर कैमरों के साथ 25 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रथयात्रा के अवसर पर लोगों को बधाई दी है। उपराष्ट्रपति नायडू ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा में समूचा समुदाय भाग लेता है।

Related posts

Leave a Comment