मध्य प्रदेश में शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क में 27 साल बाद आज फिर बाघ की दहाड़ सुनाई दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाघ पुनर्वास परियोजना के अंतर्गत दो बाघों एक नर और एक मादा को छोड़ा।
शिवपुरी के स्थानीय पोलो ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस क्षेत्र में एक बाघ परियोजना से पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
माधव राष्ट्रीय उद्यान के बलारपुर क्षेत्र में बाघों के बाड़े बनाए गए हैं। बाघों को जंगल में छोड़ने से पहले कुछ समय के लिए इन बाड़ों में रखा जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लाडली बहना योजना तथा राज्य सरकार की पर्यटन प्रोत्साहन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।