मध्‍य जापान के इशिकावा क्षेत्र में कल आए भीषण भूकंप में कम से कम आठ लोगों की मृत्‍यु की पुष्टि हुई

मध्‍य जापान के इशिकावा क्षेत्र में कल आए भीषण भूकंप में कम से कम आठ लोगों की मृत्‍यु की पुष्टि हुई

मध्‍य जापान के इशिकावा क्षेत्र में कल आए भीषण भूकंप में कम से कम आठ लोगों की मृत्‍यु की पुष्टि हुई है। इस बीच, जापान ने देश में भूकंप के कई बड़े झटकों के बाद जारी सुनामी की उच्चतम चेतावनी वापस ले ली है, लेकिन घातक लहरें उठने की आशंका के कारण तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों को अभी घरों में वापस न लौटने की सलाह दी है।

जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने इशिकावा में बड़े स्तर की सुनामी और होंशू द्वीप के बाकी पश्चिमी तट और सुदूर उत्तरी द्वीपों होकाइडो में निम्न स्तरीय सुनामी की चेतावनी जारी की थी। कई घंटों बाद संशोधित कर इसे नियमित सुनामी चेतावनी में बदल दिया गया, जिसके अनुसार 10 फीट ऊंची लहरें उठने की आशंका व्‍यक्‍त की गई।

मौसम एजेंसी के अनुसार इस क्षेत्र में अगले कुछ दिनों में भूकम्प के झटके आ सकते हैं।

कल मध्य जापान में भूकम्प के शक्तिशाली झटकों के बाद एक मीटर से अधिक ऊंची सुनामी लहरें उठी, जिससे घर और राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन ने लोगों से ऊंची जगहों पर जाने की अपील की। अमरीकी भू-गर्भ सर्वेक्षण विभाग के अनुसार इशिकावा प्रान्त के नोटो क्षेत्र में शाम करीब 4 बजकर 10 मिनट पर 7.6 की तीव्रता का ज़बरदस्त भूकंप आया।

जापान की मौसम एजेंसी ने कहा कि केवल डेढ़ घंटे से अधिक समय में देश के मध्य क्षेत्र में चार और उससे अधिक तीव्रता के भूकम्प के 21 झटके आए। जापान सरकार ने कहा कि नौ प्रान्तों में 97 हज़ार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं।

जापान में भारतीय दूतावास ने एक आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है और भारतीय नागरिकों के लिए आपातकालीन फोन नंबर और ई-मेल आईडी जारी किए हैं, जो इस प्रकार हैः 81-80-3930-1715, 81-70-1492-0049, 81-80-3214-4734, 81-80-6229-5382, और 81-80-3214-4722। ई-मेल आईडी हैः sscons.tokyo@mea.gov.in sscons.tokyo@mea.gov.in, और offffseco.tokyo@mea.gov.in

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय दूतावास वहां के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। उसने लोगों से स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।

Related posts

Leave a Comment