भारत ने 50 करोड़ से अधिक कोविड टीके लगाकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है। देश में अब तक 50 करोड़ 3 लाख से अधिक कोविड टीके लगाए जा चुके हैं। सभी के लिए टीकाकरण का नया चरण 21 जून से आरंभ हुआ था और इसके तहत कल 43 लाख 29 हजार से अधिक टीके लगाए गए।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में कोविड से स्वस्थ होने की दर 97 दशमलव तीन-छह प्रतिशत हो गई है। कल 41 हजार से अधिक रोगी ठीक हुए। अब तक तीन करोड दस लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान 44 हजार से अधिक नये मरीजों की पुष्टि हुई है। इस समय चार लाख 14 हजार 159 रोगियों का उपचार चल रहा है।
सरकार ने कहा है कि अब तक 51 करोड 16 लाख से अधिक कोविड टीके राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को उपलब्ध कराए गये हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि दो करोड तीस लाख टीके अभी भी उनके पास मौजूद हैं और बीस लाख 49 हजार टीके भेजे जाने की प्रक्रिया में हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट में आशा व्यक्त की कि ‘सबको मुफ्त वैक्सीन अभियान’ के तहत नागरिकों को टीका लगाने में तेजी लाने से इसमें और वृद्धि होगी।
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सभी लोगों को शुभकामनाएं दी हैं और इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया है।