राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने कहा है कि भारत, दुनिया भर में आतंकवाद और उग्रवाद को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व कर रहा है। NSA अजित डोभाल ने आज नई दिल्ली में इंडिया इस्लामिक सेंटर में मुस्लिम विश्व लीग के महासचिव मुहम्मद बिन अब्दुल करीम इस्सा के साथ बैठक के बाद ये बात कही। धार्मिक नेताओं और शिक्षाविदों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत, आतंकवाद का शिकार हुआ है और इसने 26 नवम्बर 2008 के मुंबई हमलों सहित कई आतंकवादी हमलों का दंश झेला है। मुम्बई हमलों में 168 लोगों की जान गई थी। NSA अजित डोभाल ने बताया कि भारत सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करके, नए कानून बनाकर और अन्य देशों के साथ सहयोग सहित विभिन्न माध्यमों से आतंकवाद से निपटने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
डॉ मुहम्मद बिन अब्दुल करीम इस्सा के नेतृत्व में मुस्लिम विश्व लीग का प्रतिनिधि मंडल कल से भारत की पांच दिन की यात्रा पर है। यह प्रतिनिधिमंडल भारत सरकार के आधिकारिक निमंत्रण पर आया है।
इस अवसर पर मुस्लिम विश्व लीग के महासचिव मुहम्मद बिन अब्दुल करीम इस्सा ने कहा कि भारतीय ज्ञान ने दुनिया भर में मानवता के लिए बहुत योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने की जरूरत है। मुहम्मद इस्सा ने कहा कि भारतीय संविधान बहुत पवित्र है, जो विभिन्न जातियों और आस्था के लोगों सहित समूचे देश को एक सूत्र में बांधता है। उन्होंने कहा कि सभी देश आपस में एक दूसरे से जुड़े हैं इसलिए भारत और मुस्लिम विश्व लीग को विश्व में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करना चहिए।
डॉ इस्सा रास्ट्रपति, प्रधानमंत्री, इस्लाम के धार्मिक नेताओं और विभिन्न पंथ के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।