ब्रिटेन की कंजरवेटिव पार्टी के नेता ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने। निवर्तमान प्रधानमंत्री लिज़ ट्रस आज अपनी कैबिनेट की अंतिम बैठक लेंगी और ब्रिटेन के समयानुसार सवा 10 बजे प्रधानमंत्री आवास तथा कार्यालय के बाहर अपना विदाई बयान देंगी। बाद में वे बकिंघम पैलेस में किंग चार्ल्स से प्रधानमंत्री के तौर पर अपनी अंतिम मुलाकात करेंगी। लिज़ ट्रस ब्रिटेन के इतिहास में सबसे कम अवधि केवल 44 दिन तक प्रधानमंत्री पद पर रहीं।
कंजर्वेटिव पार्टी का नया नेता चुने जाने के बाद ऋषि सुनक ने आर्थिक संकट के बीच ब्रिटेन में स्थिरता और एकता का संकल्प किया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन महान देश है और इसमें कोई शक नहीं है कि हम गहरे आर्थिक संकट का सामना कर पाएंगे। ऋषि सुनक ने बोरिस जॉनसन के प्रधानमंत्री पद की दौड़ से नाम वापिस लेने के बाद एक अन्य उम्मीदवार पैनी मॉरडॉन्ट को पराजित किया। ऋषि सुनक ब्रिटेन में भारतीय मूल के पहले प्रधानमंत्री होंगे। 42 वर्षीय सुनक दो महीने के अंतराल में ब्रिटेन के तीसरे प्रधानमंत्री बनेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऋषि सुनक को ब्रिटेन का नया प्रधान मंत्री नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट में कहा कि वैश्विक मुद्दों पर वे उनके साथ मिलकर काम करने और रोडमैप 2030 लागू करने को तत्पर हैं। भारत और ब्रिटेन के ऐतिहासिक संबंधों के आधुनिक साझेदारी में बदलने और दोनों देशों के मध्य जीवित सेतु रहे ब्रिटिश-भारतीयों को उन्होंने दिवाली की विशेष शुभकामनाएं दीं।